सफीपुर (उन्नाव)। संडीला-चकलवंसी मार्ग पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। रात भर युवक का शव खंती में पड़ा मिला। सुबह ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को जानकारी दी। वह बरात में शामिल होने कानपुर गया था।
लखनऊ के थाना तालकटोरा के मोहल्ला राजाजीपुरम कालोनी के सेक्टर 12 निवासी दीपक शर्मा (40) मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने कानपुर गए थे। बुधवार शाम बाइक से घर जाते समय चकलवंसी-संडीला मार्ग पर आसीवन थानाक्षेत्र के गांव औराई के पास वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दीपक खंती में जा गिरे और रात भर वहीं पड़े रहे। परिजनों ने फोन मिलाया तो घंटी जाती रही लेकिन बात नहीं हो सकी। कुछ पता न चलने पर परिजन खोजबीन में जुट गए। गुरुवार सुबह खंती में शव देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के भतीजे यश शर्मा ने बताया कि चाचा दिनेश की सैलून की दुकान है। पति की मौत से पत्नी अंजू, बेटा शिवा, बेटी अनन्या और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि भतीजे यश की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया है।