बुधवार रात आई आंधी ने जमकर कहर बरपाया। इस दौरान आग से आसीवन में करीब दो दर्जन घर जल गए। लोगों की घरों में रखी गृहस्थी राख हो गई। दर्जनों जगहों पर पेड़ों की डाल टूटी, जिससे आवागमन बाधित रहा। रेलवे स्टेशन पर ओएचई लाइन में ब्लास्ट से ट्रेनों के पहिये भी थम गए।
चकलवंशी प्रतिनिधि के अनुसार, आसीवन थानाक्षेत्र के बारी थाना के मजरा परसौरा में आंधी के दौरान जेजे राम के घर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने दो दर्जन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से राजाराम, साहबलाल, जुग्गा, परसादी, गयाप्रसाद के घर और गृहस्थी का सामान जल गया। इनके पास खाने का एक दाना भी नहीं बचा। साहब लाल ने बताया 13 मई को भांजे की शादी है।
सामान की खरीदारी के लिये 65000 रुपये व जेवर रखे थे, वह भी जल गए। लगभग दस लाख का सामान जला है। श्यामलाल, जुराखन, सोहन, रामपाल, भाई रमेश, छोटेलाल, राजेश सहित 22 लोगों की घर गृहस्थी का सामान जल गया है। आग की सूचना पर आसीवन थाना प्रभारी डीपी शुक्ला व लेखपाल वीरेंद्र अवस्थी मौके पर पहुंचे। एसडीएम पूजा अग्निहोत्री के निर्देश पर ग्राम प्रधान संजय चौरसिया ने पीड़ितों के लिए भोजन की व्यवस्था की।
सफीपुर प्रतिनिधि के अनुसार, विकासखंड की ग्राम पंचायत बहाऊद्दीनपुर में आंधी से लगी आग ने विष्णुदयाल, रज्जन, मुन्नीलाल, रामरानी, राजू व दशरथ के घरों को पूरी तरह से जला दिया। पीड़ितों के अनुसार, सभी के घरों में रखा अनाज, कपड़े, पैसा सब जल गया। ग्रामीणों ने बताया कि फायरब्रिगेड को सूचना देने के दो घंटे बाद भी नहीं पहुंची। इसी प्रकार ग्राम उमर में घर के चूल्हे से निकली चिंगारी ने किशन तेली के घर को जला दिया। सूचना पर लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन किया। वहीं दूसरी ओर कस्बे के ही किलाबाजार में तीन बिजली के खंभे गिर गए। जिसमें राजू की बाइक दबकर क्षतिग्रस्त हो गई।
अजगैन प्रतिनिधि के अनुसार, आंधी से ग्राम चांदपुर झलिहाई निवासी अमरेश द्विवेदी व मुनारे शुक्ल के ढाई बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। खेतों में लगी आग से इसी गांव के राकेश व श्रवण के आम के बागों को भी नुकसान पहुंचा है। लेखपाल अर्जुन ने नुकासन का आकलन किया।
गंजमुरादाबाद प्रतिनिधि के अनुसार, आंधी में पुराने बरगद के पेड़ की डाल फट गई। इससे दिलशाद पुत्र जफर अली (12) बकरी के लिए चारा तोड़ने लगा। उसकी गर्दन बरगद की टहनियों के बीच फंस गई। जिससे वह घायल हो गया।
ग्रामीण इलाकों में गुल रही बिजली
गंजमुरादाबाद/नवाबगंज। आंधी के दौरान गंजमुरादाबाद क्षेत्र में करीब आधा दर्जन स्थानों पर एचटी लाइन टूटने से बिजली गुल हो गई। जो गुरुवार शाम तक बहाल नहीं की जा सकी। लोगों को पेयजल संकट से भी जूझना पड़ा। आंधी के दौरान नवाबगंज उपकेंद्र बंद हो गया। लोगों ने जब अधिकारियों को फोन किया तो पता चला कि ब्रेकडाउन से 33 हजार विद्युत लाइन बंद हो गई है।
बिजली आपूर्ति गुरुवार दोपहर दो बजे बहाल हुई। जेई अरविंद गौतम ने बताया कि आंधी में 33 हजार लाइन के तार आपस में चिपक गए थे। सुबह दही चौकी के पास फाल्ट मिला। पुरवा प्रतिनिधि के अनुसार, बुधवार को आए तूफान से मुख्य लाइन में कई स्थानों पर फाल्ट आ गया।
जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पुरवा फीडर में त्रिप्ररारपुर लाइन 15 किमी, मझिगवां सात किमी, कसरौर दो किमी, दलीगढ़ी दो किमी, ब्लाक से पीरजादीगढ़ी पानी की टंकी से दो किमी में लोहे के तार हैं। जबकि बेहटा फीडर 10 किमी और चमियानी फीडर आठ किमी लाइन लोहे के तार से चलती है। साथ ही पुरवा कस्बे के 15 वार्डों में 40 वर्षों से तार नहीं बदले गए।
ओएचई लाइन में ब्लास्ट, रोकी गई पुष्पक एक्सप्रेस
बुधवार आंधी के दौरान उन्नाव जंक्शन व सोनिक स्टेशन के बीच अप लाइन पर ओएचई लाइन में किसी चीज के टकरा जाने से ब्लास्ट हो गया। इसी समय वहां से लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही पुष्पक एक्सप्रेस को गुजरना था, लेकिन ओएचई लाइन में ब्लास्ट होने से इसमें विद्युत सप्लाई बाधित हो गई थी। रेल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ओएचई को चेक किया। फाल्ट बड़ा न होने से कर्मचारियों ने तुरंत ही अधिकारियों से ओएचई में सप्लाई शुरू करने को कहा। सप्लाई शुरू होने पर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब 25 मिनट तक सोनिक के पास ही खड़ी रही।
आंधी में महिला की मौत, चार घायल
बुधवार रात आंधी में नीम का पेड़ गिरने से महिला की मौत हो गई। वहीं अलग-अलग थानाक्षेत्रों में चार लोग घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र की ग्राम पंचायत खुशरूपुर के मजरे भिखारीपुर निवासी रामबेटी (32) पत्नी नेकराम बुधवार रात दरवाजे के बाहर सो रही थी। रात करीब दस बजे आए तूफान से दरवाजे के पास लगा नीम का पेड़ गिर गया।
पेड़ की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे लेकर स्वास्थ्य केंद्र जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। उसी गांव में पकड़िया का पेड़ गिरने से उसके नीचे बंधी भैंस भी मर गई। घटना की सूचना पर गुरुवार सुबह सफीपुर एसडीएम पूजा अग्निहोत्री गांव पहुंची और मृतका के परिजनों से मुलाकात की। एसडीएम ने चार लाख रुपये की सरकारी सहायता दिलाए जाने की बात कही है।
इसी थानाक्षेत्र के शांतीनगर निवासी रामप्रसाद पत्नी शांती के साथ बांगरमऊ से बाइक से घर जा रहे थे। अचानक गढ़ीखेड़ा के पास बाइक अनियंत्रित हो गई। इसमें दोनों घायल हो गए। अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव हुलासखेड़ा में शिवपाल (50) रात में तेज आंधी के दौरान जीने से उतर रहे थे, तभी फिसल कर नीचे जा गिरे। बांगरमऊ के सदिकपुर निवासी मेवालाल(50) आंधी के दौरान छत से गिरकर घायल हो गए।