उन्नाव के बांगरमऊ में सब्जी विक्रेता की मौत के मामले में मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुलिस की ज्यादती के सबूत मिले हैं। सिर में गंभीर चोट से मौत होने की पुष्टि हुई है। पीठ, हाथ, छाती समेत शरीर के अन्य हिस्सों में डंडों के निशान बता रहे हैं कि पुलिस ने कोतवाली में उसे बेरहमी से पीटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी शशिशेखर सिंह ने बांगरमऊ थाने के दो सिपाहियों और एक होमगार्ड के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके उन्हें सस्पेंड कर दिया है।
बताते चलें कि शुक्रवार को कोरोना कर्फ्यू के दौरान ठेले पर आलू बेच रहे सब्जी विक्रेता को पुलिस पकड़कर कोतवाली ले गई। वहां अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस आनन-फानन उसे लेकर सीएचसी पहुंची जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सब्जी विक्रेता की मौत से आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाते हुए सीएचसी में हंगामा शुरू कर दिया था।
देखते ही देखते हजारों की संख्या में लोग सड़क पर आ गए और शव रखकर जाम लगा दिया। हालात बिगड़ते देख तीन थानों की पुलिस के साथ अफसर पहुंचे और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान भीड़ और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई। रात तक लोग जाम लगाए हुए थे।