नर्सिंगहोम से प्रसूता को रेफर करने और जिला अस्पताल मृत घोषित करने के बाद हंगामा करते परिजन।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शहर के एक नर्सिंगहोम में जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद हालत बिगड़ने पर महिला को परिजनों ने शहर के मोहल्ला कब्बाखेड़ा स्थित दूसरे नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पति ने नर्सिंगहोम के डॉक्टरों पर पत्नी की मौत होने के बाद भी जानकारी न देकर रुपये ऐंठने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जिला अस्पताल में भी मृतका के परिजनों ने हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से भी तीखी नोकझोंक हुई। पति ने नर्सिंगहोम संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
सदर कोतवाली के अवस्थीखेड़ा गांव निवासी धर्मराज की पत्नी सोमवती(26) को 30 दिसंबर सोमवार रात करीब 9 बजे प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने उसे शहर के मोहल्ला पीडी नगर स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। यहां जुड़वा बच्चों को जन्म देने के बाद सोमवती की हालत बिगड़ गई। इस पर परिजनों ने उसे रात में ही कब्बाखेड़ा स्थित नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। पति धर्मराज के अनुसार यहां उससे 40 हजार रुपये जमा कराए गए। बुधवार दोपहर तक उसे पत्नी से मिलने भी नहीं दिया गया। बुधवार दोपहर उससे 60 हजार रुपये और मांगे गए। लगातार रुपये जमा कराने की बात पर परिजन बिफर गए और महिला को रेफर किए जाने की बात कह हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख नर्सिंगहोम संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मियों के समझाने पर परिजनों की उनसे भी तीखी नोकझोंक हुई।
पुलिस के हस्तक्षेप पर परिजन सोमवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सोमवती को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने जिला अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। पति का आरोप है कि कब्बाखेड़ा स्थित नर्सिंगहोम में भर्ती कराए जाने के कुछ देर बाद ही उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। लेकिन रुपये ऐंठने के लिए डॉक्टरों ने उसे मौत की जानकारी नहीं दी। हंगामे की सूचना पर पहुंचे अस्पताल चौकी प्रभारी रामजीत यादव ने कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने नर्सिंगहोम संचालक के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी प्रभारी रामजीत यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर नर्सिंगहोम संचालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
मृतका के पति का आरोप है कि पुलिस के कहने के बाद भी नर्सिंगहोम संचालक ने उससे 60 हजार रुपये जमा कराने के बाद पत्नी का शव दिया। बताया कि जुड़वां बच्चे पीडी नगर स्थित अस्पताल में भर्ती हैं। जहां उनका इलाज चल रहा है।