किसी गुमनाम व्यक्ति ने जीआरपी प्रभारी के सीयूजी नंबर पर फोन कर उन्नाव रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी। इससे रेलवे स्टेशन में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पुलिस लाइन आरआई के साथ शहर कोतवाल ने डॉग स्क्वायड की मदद से रेलवे स्टेशन का चप्पा-चप्पा छान मारा। यात्रियों का सामान खुलवाकर मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। बम या विस्फोटक नहीं मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
रविवार को जीआरपी प्रभारी अनिल कुमार मिश्रा के सीयूजी नंबर 9454404435 पर 09651255695 नंबर से काल आई। कालर ने कहा रेलवे स्टेशन पर बम लगाया जा चुका है। दोपहर 1 बजकर 40 मिनट पर बम फट जाएगा। यदि बम ढूंढ कर स्टेशन बचा सकते हो तो बचा लो।
एसओ के काल बैक करते मोबाइल स्विच आफ बताने लगा। जीआरपी प्रभारी ने डीजी कंट्रोल के साथ स्थानीय व जीआरपी के कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। एसपी ने पुलिस लाइन के आरआई महबूब अली के साथ डॉग स्क्वायड और कोतवाली प्रभारी प्रदीप यादव को तुरंत रेलवे स्टेशन रवाना किया।
पुलिस ने जीआरपी व आरपीएफ के साथ स्टेशन परिसर की सघन जांच की। प्लेटफार्म एक से लेकर पांच तक की डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की गई।
एक यात्री के लगेज में संदिग्ध वस्तु दिखी। पुलिसकर्मियों ने मेटल डिटेक्टर से जांच की तो पता चला यात्री रेलवेकर्मी है और संदिग्ध वस्तु लैंपनुमा टार्च है। मेन गेट के बाहर एक जगह गद्दे के नीचे मिले झोला की भी जांच की गई।
टिकट व आरक्षण खिड़की पर भी पुलिसकर्मियों ने जांच की।
इस दौरान डेढ़ घंटे तक पुलिस अफसरों की सांसें अटकी रही। जीआरपी प्रभारी ने बताया जिस मोबाइल नंबर से धमकी मिली उसे सर्विलांस से लगभग ट्रेस कर लिया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।