दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेते छात्र। स्रोत: शिक्षक
बीघापुर। विकास खंड क्षेत्र की न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता उच्च प्राथमिक स्कूल ओसियां में आयोजित हुई। इसमें नौ स्कूलों के छात्रों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। 50 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक स्कूल मर्दनपुर कंपोजिट की शुभी और प्राथमिक स्कूल ओसियां के शिवम ने पहला स्थान हासिल किया।
शुभारंभ बीईओ अखिलेश वर्मा ने दीप जलाकर किया। उन्होंने 50 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर शुरू कराया। प्रतियोगिता में 50 और 100 मीटर दौड़ सहित लंबी कूद और कबड्डी के मुकाबले हुए। 100 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक स्कूल ओसियां के रिशू ने पहला स्थान प्राप्त किया।लंबी कूद में रिशू प्रथम रहे।
कबड्डी के बालक और बालिका दोनों वर्गों में उच्च प्राथमिक स्कूल ओसियां के खिलाड़ियों ने पहला स्थान प्राप्त किया। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह ने बीईओ और अतिथियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान आरपी दुर्गेश शुक्ला, अर्चना सिंह, जयशंकर, मंत्री विजय सिंह, पवन सिंह, नेहा साहू, नीलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।