फोटो- 8-नाले की सफाई करती जेसीबी। संवाद
फोटो- 8-नाले की सफाई करती जेसीबी। संवाद
तीन गांव पंचायतों ने शुरू कराई नाले की सफाई
नाला अवरुद्ध होने से करीब दो बीघा फसल हुई थी जलमग्न
संवाद न्यूज एजेंसी
सफीपुर। गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान निहालपुर-भदनी नाले को बंद कर दिया गया था। इसके कारण बारिश का पानी न निकल पाने से करीब दो हजार बीघा फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने इसकी शिकायत एसडीएम से की थी। इस पर ग्राम पंचायतों ने नाले की सफाई शुरू कराई है।
तहसील क्षेत्र के बृजपालपुर निवासी राजेश कुमार और शिवलखन यादव सहित 50 किसानों ने मंगलवार को एसडीएम फाल्गुनी सिंह को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें बताया कि बारिश का पानी मुंडा से होकर बृजपालपुर और निहालपुर से भदनी झाल में जाता है। नाला एक साल पहले गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान डंपरों के लिए मिट्टी भरकर बंद किया गया था। काम पूरा होने के बाद इसे ऐसे ही छोड़ दिया गया, जिससे जलभराव हो गया। उप जिलाधिकारी फाल्गुनी सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को समस्या निदान के निर्देश दिए थे। हालांकि, सिंचाई विभाग ने नाला साफ बताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
पंचायतों ने शुरू की सफाई
जलभराव से प्रभावित मवईलाल, बृजपालपुर और निहालपुर की ग्राम पंचायत समितियों ने मिलकर कार्रवाई की। शुक्रवार को उन्होंने जेसीबी बुलवाकर नाले की सफाई शुरू कराई। ग्रामीणों ने बताया कि नाले की सफाई होते ही पानी निकलना शुरू हो गया है। यह किसानों के लिए बड़ी राहत है।