फोटो-14- पुल के पास एप्रोच रोड में सड़क धंसने से हुआ गड्ढा। संवाद
बांगरमऊ। दो जनपदों को जोड़ने के लिए सई नदी पर बनाए गए पुल के लोकार्पण से पहले ही दोनों तरफ बने मार्ग धंसकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस पर लोग निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।
तहसील क्षेत्र में हरदोई जिले की सीमा पर तमोरिया बुजुर्ग गांव के पास सेतु निगम ने 13 करोड़ की लागत से सई नदी पर पुल का निर्माण एक साल पहले करवाया था। दोनों ओर पहुंच मार्ग बनवाकर इसे आवागमन के लिए खोल दिया था। हालांकि इसका औपचारिक लोकार्पण अभी तक नहीं हुआ है। हाल के दिनों में हुई बारिश ने पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुल के दोनों सिरों पर बनाए गए मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से धंस गया है।
ग्राम प्रशासक अवनीश कुमार बाजपेई ने बताया कि सई नदी हरदोई व उन्नाव जनपदों की सीमारेखा मानी जाती है। इस लिहाज से यह पुल महत्वपूर्ण है। लोकार्पण से पहले ही पुल के दोनों ओर बना पहुंच मार्ग बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया है। कई स्थानों पर मार्ग कट गया है, वहीं, कुछ स्थानों पर सड़क धंस गई है। इसके अलावा सड़क के दोनों तरफ ढलान की मिट्टी बह जाने से पत्थर आदि भी बिखर चुके हैं। लोकार्पण से पहले ही पुल की यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती नजर आती है। इस संबंध में ठेकेदार प्रवीण कुमार ने बताया कि यदि बारिश से मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है तो जल्द ही इसे ठीक कराया जाएगा।
फोटो-14- पुल के पास एप्रोच रोड में सड़क धंसने से हुआ गड्ढा। संवाद