फोटो-12- हाईवे पर खड़ा क्षतिग्रस्त डंपर व लगी वाहनों की कतार। संवाद
नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर कानपुर जाने वाली लेन पर तेज रफ्तार डंपर आगे चल रहे डंपर से भिड़ गया। इससे क्षतिग्रस्त डंपर खड़ा होने से हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। दो घंटे बाद क्षतिग्रस्त डंपर हटाने पर यातायात सामान्य हो सका।
सोहरामऊ थाना क्षेत्र के आशाखेड़ा गांव के पास बुधवार को सुबह 10 बजे लखनऊ-कानपुर हाईवे पर लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहा तेज रफ्तार डंपर आगे चल रहे दूसरे डंपर में पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाला डंपर क्षतिग्रस्त होकर बीच सड़क पर ही खड़ा हो गया। घटना के बाद क्षतिग्रस्त डंपर का चालक भाग गया। आगे वाला डंपर भी चालक लेकर निकल गया।
बीच सड़क पर डंपर खड़े होने से हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर देखते ही देखते करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। उमस भरी गर्मी में राहगीर और यात्री जाम में फंसकर परेशान होते रहे। करीब दो घंटे बाद क्षतिग्रस्त डंपर को हटाया गया। इस दौरान हाईवे की एक लेन पर वाहन रेंगते रहे। एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि डंपर चालक मौके से भाग गया है। हाइड्रा की मदद से डंपर को हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।