उन्नाव। मौसम विभाग ने फिर गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। दो फरवरी की रात से तीन फरवरी तक बारिश के आसार हैं।
अगले सप्ताह की शुरुआत में दो दिनों तक मध्यम से घने बादल की संभावना है। चंद्रशेखर आजाद विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों में मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण बारिश के आसार हैं। इसका असर सोमवार की रात से दिखेगा जो मंगलवार को भी रहेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। गलन के साथ ठंड बनी रहेगी। उन्होंने किसानों से कहा कि खड़ी फसलों की सिंचाई न करें।
पशुपालक पशुओं को बारिश व तेज हवाओं के दौरान पेड़ के नीचे व बिजली पोल के पास न बांधे। मवेशियों को झील, तालाब के पास न जाने दें। तेज हवाओं व गरज चमक के दौरान मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम पारा 11 डिग्री सेल्सियस रहा।