उन्नाव। जिला स्तरीय साइकिल दौड़ प्रतियोगिता में बालक वर्ग में शिवम और बालिका वर्ग में मीनाक्षी अव्वल रहीं। इसके बाद स्टेडियम में सभी को सम्मानित किया गया।
खेल विभाग की ओर से गणतंत्र दिवस पर साइकिल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 60 बालक व बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ चांदमारी पानी की टंकी के पास से जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल और जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पीके मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
बालक वर्ग में पांच किमी दौड़ में शिवम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग तीन किमी दौड़ में मीनाक्षी ने बाजी मारी। प्रतियोगिता समापन के बाद स्टेडियम में सभी को प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान क्रिकेट कोच शिवानी गुप्ता, जूडो कोच मनोज कुमार, खेलो इंडिया कोच कुशमेश कुमार, विकास अवस्थी, आनंद मोहन, राजू, सोमप्रकाश आदि मौजूद रहे।