फोटो-19-सीएचसी में जानकारी देते तीमारदार। स्रोत: पाठक
नवाबगंज। सीएचसी में भर्ती प्रसूताओं को अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। तीमारदारों ने पहले स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों से बात की। समस्या का हल नहीं निकला तो यूपी-112 को फोन कर दिया और समस्या बताई। फिर एसीएमओ तक मामला पहुंचने पर व्यवस्था दुरुस्त कराई गई।
नवाबगंज सीएचसी में मंगलवार को कई महिलाओं का प्रसव हुआ था। इसके बाद जच्चा-बच्चा को महिला वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया लेकिन यहां वार्ड में लगे पंखे बंद थे।
शाम होते गर्मी और मच्छरों के प्रकोप से मरीज और उनके तीमारदार परेशान हो गए। इसके बाद बिरसिंही मलेथा की मरीज जूली, मोहम्मदपुर की मरीज बेबी व अन्य के तीमारदारों ने मौके पर मौजूद जिम्मेदारों से पंखा न चलने की शिकायत की लेकिन कोई हल नहीं निकला। गर्मी और मच्छरों से परेशान तीमारदारों ने आखिर में यूपी-112 का सहारा लिया और फोन करके पीआरवी को सीएचसी बुलाया। पुलिस ने सीएचसी अधीक्षक को फोन मिलाया लेकिन बात नहीं हो पाई।
इसके बाद तीमारदारों ने एसीएमओ डॉ. एचएन प्रसाद से शिकायत की तो तत्काल इलेक्ट्रीशियन को भेजकर फाल्ट सही कर पंखे चालू किए। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि महिला वार्ड की वाॅयरिंग में मंगलवार सुबह ही फाल्ट हुआ था लेकिन त्योहार के चलते इलेक्ट्रीशियन नहीं आ पाया।
शाम को तीमारदारों ने पीआरवी पुलिस और एसीएमओ से मामले की शिकायत थी। जानकारी होने पर तत्काल इलेक्ट्रीशियन को बुलाकर फाल्ट को सही कराया गया।