बांगरमऊ। पशुपालन में साझेदारी के नाम पर युवक ने बैंक से 7.50 लाख रुपये का कर्ज लिया। आरोप है कि साझेदार ने उसे धोखा दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू अंबेडकरनगर, नौनिहालगंज निवासी प्रेमसागर ने पुलिस को बताया कि उसकी दसदान गढ़ा गांव निवासी रोहित अर्कवंशी के साथ पशुपालन की सहमति बनी थी। तय हुआ था कि दोनों बराबर रकम लगाएंगे। प्रेमसागर के अनुसार रोहित ने शुरुआत में रुपये बाद में देने की बात कही थी। प्रेमसागर ने भारतीय स्टेट बैंक से 18 फरवरी 2025 को चार लाख रुपये और पांच मार्च 2025 को 3.5 लाख रुपये का कर्ज लिया। उसने कुल 7.50 लाख रुपये का कर्ज लेकर गाय और भैंस खरीदीं। ये पशु उसने रोहित को दे दिए।
प्रेमसागर का आरोप है कि रोहित से रुपये मांगे तो उसने रकम देने से मना कर दिया। पीड़ित के मुताबिक अब न तो उसकी रकम लौटाई जा रही है और न ही पशु वापस मिले हैं। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।