उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर हुसैन नगर चौराहे पर सड़क घेरकर खड़े गिट्टी लदे ट्रक में खाली ट्रक पीछे से भिड़ गया। इस हादसे में चालक की मौत हो गई।
बाराबंकी जिले के थाना असंधरा के परवानी का पुरवा गांव निवासी दीपक (36) पुत्र छविलाल ट्रक चालक था। वह कानपुर के स्वास्तिक ट्रांसपोर्ट का ट्रक चलाता था। छोटे भाई धीरज ने बताया कि दीपक पांच साल से ट्रक चलाते थे। शनिवार को घर से ट्रक लेकर निकले थे। रविवार की रात खाली ट्रक लेकर लखनऊ जा रहे थे। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सदर कोतवाली के हुसैननगर चौराहे के पास गिट्टी लदे खड़े ट्रक में पीछे से उनका ट्रक भिड़ गया। दीपक ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर किला चौकी इंचार्ज उग्रसेन और ललऊखेड़ा चौकी इंचार्ज अनिल साहू पहुंचे और लोगों की मदद से केबिन काटकर निकाला। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। पति की मौत से पत्नी निशा देवी और अन्य परिजन बेहाल हैं। चार बच्चों में तीन बेटे और एक बेटी है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।