सफीपुर। घर से सफीपुर जाने की बात कहकर निकली महिला का शव बृहस्पतिवार को शुक्लागंज से आए गोताखोरों ने घटनास्थल से 300 मीटर दूर खोज निकाला। पति ने बताया कि पत्नी नागपंचमी और रक्षाबंधन का त्योहार मनाने मायके आई थी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव दराबनगर के बाहर नहर के पास बुधवार सुबह करीब 11 बजे साइकिल में स्कार्फ बंधा मिला था। वहीं पर महिला की चप्पल भी पड़ी थी। इस पर लोगों ने किसी महिला के नहर में कूदने की आशंका जताई। पुलिस की जांच के दौरान देवगांव निवासी गुलाब सिंह ने साइकिल और अन्य सामान भतीजी सोनी (23) का बताया। सोनी फतेहपुर चौरासी निवासी कपिल यादव की पत्नी थी। पुलिस ने बुधवार को गोताखोरों से तलाश कराई लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद बृहस्पतिवार को शुक्लागंज से पांच गोताखोरों को बुलाया गया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव बरामद कर लिया। शव बरामदगी के समय पति कपिल यादव भी मौजूद था।
पति कपिल यादव ने पुलिस को बताया कि सोनी 16 अगस्त को भाई लखन के साथ नागपंचमी का पर्व मनाने मायके आई थी। 11 अगस्त, मंगलवार को फोन पर बात हुई थी। तब सोनी ने रक्षाबंधन के बाद ले जाने की बात कही थी। पति के अनुसार सोनी की मानसिक स्थिति सामान्य थी। हालांकि, चाचा गुलाब सिंह ने बुधवार को भतीजी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया था। उसका लखनऊ से इलाज कराने की बात भी कही थी।
सोनी की मौत से पति, मां अनीता, भाई लखन, किशन और बहनें चित्रा, कावेरी, खुशबू बेहाल हैं। कोतवाल संदीप मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घरवालों ने सोनी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात बताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-7- सोनी (फाइल फोटो)