फोटो-24- अभिषेक (फाइल फोटो)।
फोटो-25- घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन। संवाद
गुस्साई भीड़ ने चालक को पीटा, खुद गाड़ी चलाकर पहुंचे एसओ ने बचाई जान
घटना के बीस मिनट बाद थाने के फोर्स के साथ पहुंची आसीवन पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
औरास (उन्नाव)। संडीला-चकलवंसी मार्ग पर सीमऊ गांव में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ई-रिक्शा सड़क पार कर रहे मासूम पर पलट गया, इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण हंगामा करने लगे। थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच लोगों को शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
औरास थानाक्षेत्र के अहमदपुर कासिमपुर गांव निवासी श्रीपाल सीमऊ गांव निवासी बहनोई रामजीवन के घर बृहस्पतिवार को पत्नी पूनम, बड़े बेटे शिवम और छोटे बेटे अभिषेक (7) के साथ घूमने आए थे। शाम चार बजे छोटा बेटा अभिषेक संडीला चकलवंसी मार्ग पार कर परचून की दुकान पर नमकीन लेने पैदल जा रहा था। इसी दौरान संडीला की ओर से परौरी गांव निवासी रंजीत ई-रिक्शा में सवारी बिठाकर तेज रफ्तार से आ रहा था। सीमऊ गांव के पास बच्चे को देख चालक ने ब्रेक लगाई लेकिन ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर अभिषेक पर ही पलट गया। घटना में अभिषेक का सिर फटने से मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने ई-रिक्शा चालक रंजीत को पीटना शुरू किया तो सवारी भी तितर-बितर हो गईं।
मारपीट की सूचना पर थानाध्यक्ष खुद जीप चलाकर मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा चालक को बचाया। घटना के बीस मिनट बाद थाने की फोर्स के साथ आसीवन थाना पुलिस भी पहुंच गई। थानाध्यक्ष की सतर्कता से बड़ी घटना होते बच गई। ई-रिक्शा चालक और साथ रहे उसके बेटे को पुलिस ने थाने में बिठाया है। बेटे की मौत पर मां पूनम, बड़ा भाई, पिता अन्य परिजन बेहाल हैं। मृतक अभिषेक के पिता श्रीपाल ने बताया कि वह लखनऊ के बेगरिया में किराये पर रहते हैं। वह भी ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। बेटा वहीं रहकर पढ़ाई करता था। बताया कि बहनोई रामजीवन के गांव में भी जमीन खरीदकर एक घर बनावया था, घर में रहने से पहले ही बच्चा हमेशा के लिए दूर हो गया। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
फोटो-24- अभिषेक (फाइल फोटो)।