फोटो-36- पोस्टमार्टम हाउस में जानकारी देते पवन कुमार के पिता सियराम और अन्य परिजन। संवाद
उन्नाव। संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर शारदा नहर पुल के पास बृहस्पतिवार को ऑटो की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत की घटना में पोस्टमार्टम आए मृतक के पिता ने बेटे के ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि इन लोगों ने बेटे को पीटा था, उसी से बचने के लिए वह बेटे को लेकर बाइक से भागा था और यह घटना हो गई।
लखनऊ जिले के थाना रहीमाबाद के फतेहपुर मवई गांव निवासी पवन कुमार (25) पुत्र सियाराम बृहस्पतिवार को मायके में रह रही पत्नी प्रीति और तीन साल के बेटे यश को लेने बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के खंभौली गांव लेने आया था। प्रीती के पिता रामनारायन ने पुलिस को बताया था कि बेटी ससुराल जाने की तैयारी कर रही थी तभी पवन बेटे यश को बाइक में बिठाकर घुमाने निकला था और ऑटो से टकरा गया था। घटना में पिता-पुत्र की मौत हो गई थी।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता सियाराम ने बताया कि शादी के बाद से बहू प्रीती हम लोगों को प्रताड़ित कर रही थी। तीन बार वह जहरीली दवा खा चुकी है, आग लगाने का प्रयास किया, लड़कर ही वह घर से आई थी। उसी के मायके वालों ने बेटे को बहू और बच्चे को ले जाने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचने पर इन लोगों ने बेटे को पीटा। बचने के लिए वह बाइक लेकर भागा और घटना हो गई। थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम कराया गया है। पिता ने अभी थाने में कोई तहरीर नहीं दी है।