उन्नाव। विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए अब तक 36 युवाओं ने आवेदन किए हैं। युवाओं के पास 20 नवंबर तक किए गए सामाजिक कार्यों के साक्ष्यों के साथ आवेदन करने का समय है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में व्यक्तिगत श्रेणी के तहत विवेकानंद यूथ एवार्ड से युवाओं को पुरस्कृत किया जाना है। जिला युवा कल्याण अधिकारी अनिल तिवारी ने बताया कि विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 20 नवंबर तक कार्यों के साक्ष्य, फोटोग्राफ्स, पेपर कटिंग, प्रमाणपत्र आदि को संकलित कर बुकलेट में आवेदन किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र विकास भवन स्थित विभागीय कार्यालय कमरा नंबर-64 में जमा कर सकते हैं। चयनित युवा को राज्यस्तर पर एक बार ही विवेकानंद यूथ अवार्ड प्रदान किया जाएगा। चयन होने पर पुलिस सत्यापन कराया जाना अनिवार्य है।
इंसेट-1
इन क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के स्वीकार किए जाएंगे आवेदन
खेलकूद, पौधरोपण, परिवार कल्याण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना एवं संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना, स्वच्छता कार्यकम, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरुकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति और साहित्य, मानव अधिकारों को बढ़ावा देना, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल और शैक्षिक उत्कृष्टता एवं स्मार्ट लर्निंग