बिछिया। पड़रीकला गांव में दो दिन पहले हुई पिटाई और कुल्हाड़ी के हमले से घायल किसान की मंगलवार रात कानपुर हैलट में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल पत्नी, बेटी और बेटे का इलाज चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई है। हमलावरों में तीन को पुलिस जेल भेज चुकी है। एक अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव पड़रीकला के लोधऊरा मोहल्ले में नौ नवंबर की रात 10 बजे रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। मारपीट और कुल्हाड़ी के हमले से राजू लोधी (45) गंभीर घायल हो गए थे। पत्नी पूनम (30) और बड़ी बेटी खुशी (17) और बेटे लवकुश (16) को भी चोटें आई थीं। राजू का कानपुर हैलट में इलाज चल रहा था। मंगलवार रात करीब एक बजे उनकी मौत हो गई। पत्नी और बेटी का इलाज चल रहा है। छोटे भाई सुमेर की पत्नी श्यामाकांति की तहरीर पर पुलिस ने गांव के राजकुमार, संजय, डब्लू और भूरे के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में पहले प्राथमिकी दर्ज कर संजय, राजकुमार और डब्लू को जेल भेज चुकी है, भूरे अभी भी फरार है। पिता की मौत और मां, भाई और बहन की हालत सही न होने से छोटा बेटा सुमित और अन्य परिजन बेहाल हैं।
थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया की राजू की मौत के बाद अब गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे, पुलिस भी पर कर चुके हैं हमला
किसान की मौत की घटना में नामजद आरोपी शातिर अपराधी हैं। इन पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आठ दिसंबर 2024 को भी गांव में विवाद हुआ था। तब पुलिस आई थी तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया था। एक कांस्टेबल की गाड़ी की चाबी छीनकर उस पर कई वार किए थे। मौके पर पहुंची पुलिस पर छत से ईंट-पत्थर फेंके थे। उसमें शामिल इन सभी को जेल भेजा था, बाद में जमानत पर बाहर आए थे।