फोटो-24-साहित्यकार नरेंद्र भदौरिया को उन्नाव गौरव सम्मान से सम्मानित करते विधानसभा अध्यक्ष सतीश
उन्नाव। पूरननगर स्थित एसवीएम कॉलेज में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के 46वें प्रांतीय अधिवेशन में शैक्षिक संगोष्ठी हुई। इसमें शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकार नरेंद्र भदौरिया को उन्नाव गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई।
अधिवेशन में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि हमारे देश के इंस्टीट्यूट मजबूत होने चाहिए, क्योंकि इंस्टीट्यूट रहेंगे तो हमारा देश रहेगा। उन्होंने शिक्षा संस्थानों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए सभी से स्वप्रेरणा के साथ आगे बढ़ने और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। सांसद डॉ. हरि साक्षी महाराज ने कहा कि किसी विद्यालय में जब एक शिक्षाविद प्रधानाचार्य के रूप में पद संभालता है तो वह अपने कर्तव्यों का निर्माण सभी को परिवार के नाते जोड़कर करता है।
इस दौरान प्रधानाचार्यों ने चयन वेतनमान एवं ग्रेच्युटी की मांग रखी। अध्यक्ष ने कहा कि समस्याओं पर आगामी मानसून सत्र में चर्चा की जाएगी। इस मौके पर शिक्षा प्रभा पुस्तक का विमोचन भी किया गया। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की नवीन कार्यकारिणी में प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में डॉ. संदीप चतुर्वेदी चुने गए। प्रधान संरक्षक के रूप में डॉ. बृजेश शर्मा, डॉ. मेजर जेपी शर्मा, डॉ. वीरेंद्र चतुर्वेदी तथा प्रधानाचार्य मोहन लाल शुक्ला चुने गए। डॉ. अखिलेंद्र त्रिपाठी को प्रदेश महामंत्री चुना गया। कार्यक्रम संयोजक वेणु रंजन भदौरिया, आयोजक डॉ. संदीप कुमार चतुर्वेदी, समन्वयक परमानंद शुक्ला, जनपद इकाई के कोषाध्यक्ष रामवीर सिंह, महामंत्री डॉ. आशुतोष त्रिपाठी तथा जिलाध्यक्ष डॉ. शिव प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।