उन्नाव। मदरसा बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब 29 अगस्त तक परीक्षार्थी आवेदन कर सकेंगे। पहले अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई थी।
प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्रीप्रकाश पांडेय ने बताया कि मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी फारसी एवं अरबी) एवं आलिम (सीनियर सेकेंडरी फारसी एवं अरबी) परीक्षा कराई जाती है। इसमें अधिकतम दो विषय में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित परीक्षार्थियों को कंपार्टमेंट परीक्षा की सुविधा दी जाती है। पूर्व में परीक्षा के आवेदन-पत्र भरे जाने से संबंधित समय सारिणी जारी की गई थी। उसमें 20 अगस्त तक आवेदन करने की व्यवस्था दी गई थी।
अब शासन ने तय समय को बढ़ाकर छूटे परीक्षार्थियों को एक और मौका दिया है। अब परीक्षा शुल्क ट्रेजरी चालान के माध्यम से राजकीय कोष में जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त की गई है। आवेदन 29 अगस्त तक किया जा सकता है। मदरसों द्वारा पूर्ण रूप से भरे आवेदन पत्र को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराए जाने की तिथि एक सितंबर निर्धारित की गई है।