उन्नाव। विकास भवन सभागार में सोमवार शाम डीएम ने ग्रामीण आजीविका मिशन से गठित समूहों की प्रगति को लेकर ब्लॉक मिशन प्रबंधकों के साथ बैठक की।
डीएम गौरांग राठी ने वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष ब्लॉकवार गठित किए गए समूह व परिवार संतृप्तिकरण की प्रगति सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा की। इस दौरान असोहा, पुरवा, हिलौली, सिकंदरपुर सरोसी और बांगरमऊ के ब्लॉक मिशन मैनेजर को खराब प्रगति पर कड़ी फटकार लगाई और दो दिन में इनके खिलाफ रिपोर्ट बनाकर कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश सीडीओ को दिए। साथ ही वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष समूह गठित न किए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कहा कि गठित किए गए समूह कार्य कर रहे हैं कि नहीं, इसकी मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को समूहों की बैठक बुलाकर दी गई राशि का सत्यापन कराएं। प्रभारी उपायुक्त व बांगरमऊ बीडीओ से भी नाराजगी जाहिर करते हुए सुधार की हिदायत दी। कहा कि कोई फर्जी समूह न बनाया जाए। जो भी नए समूह गठित किए गए हैं वह सक्रिय रूप से कार्य करें। इस पर नजर रखी जाए। जिले का समूह गठन का औसत राज्य से कम न होने पाए।