असोहा (उन्नाव)। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को रायपुर गांव के सामने एक क्षतिग्रस्त एसयूवी कार खड़ी मिली। लखनऊ के रजिस्ट्रेशन नंबर की इस कार के बैलून खुले होने से किसी वाहन से टकराने का अंदेशा जताया जा रहा है।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 45.2 पर रायपुर गांव के पास दुर्घटना ग्रस्त कार खड़ी मिली। इस कार में कौन लोग सवार थे, हादसा कैसे हुए इसका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने किसी तरह की सूचना ना होने की बात बताई। यूपी 32 एमसी 0801 नंबर की यह कार लखनऊ के अंबरगंज निवासी मोहम्मद वसीम के नाम मई 2021 से पंजीकृत है। कार को ओवर स्पीड चलाने के कारण चार बार में सात हजार रुपये के चालान भी हुए हैं। कंट्रोल रूम प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अनुमान है कि रात में किसी वाहन से टकराने या चालक को झपकी लगने से हादसा हुआ है और इसमें सवार लोग दूसरे वाहन से चले गए हैं। जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।