फोटो-17-कोच के साथ कराटे प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी। स्रोत: खिलाड़ी।
नवाबगंज। लखनऊ के खालसा इंटर कॉलेज में आयोजित माध्यमिक विद्यालय मंडलीय कराटे प्रतियोगिता अंडर-14, 17, और 19 में जनपद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। यहां के खिलाड़ियों ने सात गोल्ड और छह सिल्वर मेडल अपने नाम किए। गोल्ड मेडल विजेताओं को आगामी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।
नवाबगंज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जीआईसी चमरौली, एबीसी इंटर कॉलेज, श्याम लाल इंटर कॉलेज व विवेकानंद इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने मंडलीय कराटे प्रतियोगिता में भाग लिया। इसमें दिव्यांशी, पल्लवी, कृष्णा प्रजापति, वेदांश मिश्रा, सूर्यकांत, सेजल और अंकुश ने अपने-अपने भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीते। प्रियंका सिंह, नैंसी देवी, नंदिनी, प्रियांशु, प्रीति पांडे और जयदीप ने सिल्वर मेडल हासिल किए।
कोच अंकित कुमार ने बताया कि गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी 17 अगस्त को लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। अध्यक्ष दिलीप लश्करी, जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त, जिला खेल सचिव नवीन सिंह, रवि प्रताप सिंह, तहसील क्रीड़ा प्रभारी धर्मेश प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. अनूप सिंह व बालिका कोच लक्ष्मी प्रजापति ने विजेताओं को बधाई दी।