बांगरमऊ। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर तकिया चौराहे के पास तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। साथी की हालत गंभीर है। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। हेलमेट नहीं लगाए थे।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के बड़ी डड़िया गांव निवासी शिवा (18) पुत्र शिवशंकर अतरधनी गांव स्थित निजी स्कूल में कक्षा 10 का छात्र था। सोमवार को फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के रज्जबखेड़ा गांव निवासी साथी सुजीत (18) के साथ स्कूल से बाइक से घर लौट रहा था। तकिया चौराहे के पास तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन शिवा को इलाज के लिए लखनऊ लेकर जा रहे थे, रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजन निजी अस्पताल में सुजीत का इलाज करा रहे हैं।
इकलौते बेटे की मौत से मां सुषमा देवी और तीन बहनें बेहाल हैं। भाई का शव देख बहनें बिलख पड़ीं। बोली, अब रक्षाबंधन पर किसे राखी बांधेंगी। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टक्कर मारने वाले लोडर की तलाश की जा रही है।