मौरावां-बछरावां सीमा पर कूटीखेड़ा गांव स्थित बैरिकेडिंग पर वाहनों को लौटाती पुलिस ।
- फोटो : UNNAO
मौरावां। रायबरेली जिले व जिले की सीमा से सटे बछरावां कस्बे व उसके आसपास पांच कोरोना संक्रमित मिलने से उन्नाव जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। उन्नाव-रायबरेली जिले की सीमा पर कूटीखेड़ा गांव के पास पुलिस ने बैरियर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पास के ही एक मकान में सीसी टीवी कैमरा लगाकर निगरानी की जा रही है।
उन्नाव और रायबरेली जिले की सीमा पर मौरावां के कूटीखेड़ा में लॉकडाउन के दौरान ही बैरिकेडिंग कर वाहनों की चेकिंग के साथ आवागमन पर रोक लगाई गई थी। बछरावां के आसपास पांच कोरोना संक्रमित चिह्नित होने के बाद मंगलवार को इस बैरिकेडिंग पर पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। इस मार्ग से जिले की सीमा में प्रवेश करने वालों को वापस लौटाया जा रहा है। इसी सीमा पर असरेंदा से निगोहा गांव होकर बछरावां जाने वाले मार्ग पर भी लगी बैरिकेडिंग पर सख्ती बढ़ाई है। पुलिस लोगों से घर में रहने की अपील कर रही है। बेवजह निकले लोगों को सबक भी सिखा रही है। बैरिकेडिंग पर तैनात दरोगा जय नारायण मिश्र ने बताया कि क्षेत्र के लोगाें से सावधानी बरतने व बेवजह सड़कों पर न निकलने की अपील की जा रही है। आवश्यक कार्य से निकले लोगों को मास्क लगाने के लिए भी कहा जा रहा है। बताया कि मौरावां बछरावां सीमा पर आज से सख्ती और बढ़ा दी गई है। पड़ोसी जिला रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र से किसान खेत की सिंचाई के लिए पेट्रोल पंप पर डीजल लेने आते हैं। एसओ राजेंद्र रजावत ने बताया कि इन लोगों से सोशल डिस्टेसिंग में रहने की अपील की जा रही है।