उन्नाव में फतेहपुर चौरासी के पट्टी हमीद गांव में प्रधान प्रत्याशी के समर्थकों ने चुनावी खुन्नस में दूसरे प्रधान प्रत्याशी के पारिवारिक सदस्य के घर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने घर के बाहर चबूतरे पर बैठी महिलाओं से गाली-गलौज कर तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। छर्रे लगने से चाची-भतीजी घायल हो गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। घायल चाची-भतीजी को पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल युवती की मां ने प्रधान प्रत्याशी के समर्थक व उनके तीन बेटों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है। शकील अली के अनुसार उसके पारिवारिक मोहम्मद रफीक प्रधान प्रत्याशी थे। उनका वह समर्थन कर रहा था।
प्रतिद्वंदी प्रत्याशी इदरीश के समर्थक इसी बात को लेकर उससे खुन्नस मानते थे। मंगलवार को वह (शकील) परिजनों के साथ खेत में थ्रेसरिंग कराने गया था। घर पर महिलाएं ही थी। रात आठ बजे इदरीश के समर्थक मोहरम अली अपने बेटे मुनान, खुशनूर व शहनूर के साथ उसके दरवाजे पहुंचा और चबूतरे पर बैठी घर की महिलाओं से गाली-गलौज करने लगा।