आसीवन थाना क्षेत्र के महरौर गांव निवासी भट्ठा मालिक की अजगैन-मोहान रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कार सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
थाना क्षेत्र के महरौरी सरदार खेड़ा निवासी श्यामू (58) का अजगैन में भट्ठा है। श्यामू रोज की तरह सोमवार को कार से भट्ठा जा रहे थे। छोटाखेड़ा गांव के पास हसनगंज की ओर जा रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवार अधेड़ भट्ठा मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन घायल श्यामू को लेकर ट्रामा सेंटर लखनऊ जा रहे थे तभी रास्ते में उन्होने दम तोड़ दिया। श्यामू मियागंज ब्लॉक प्रमुख बलबीर यादव के चाचा है। फिलहाल अभी पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई है।
उधर हसनगंज प्रतिनिधि के मुताबिक अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसा अकबपुर-नेपालपुर मार्ग पर हुआ। थाना क्षेत्र के दरिहट गांव निवासी रामदीन(42) पुत्र दुलारे रविवार शाम को साइकिल से रसूलपुर बकिया गांव निवासी अपने मामा के घर गया था।
लौटते समय नेपालपुर गांव के पास तेजरफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इसकी रामदीन की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह राहगीरों ने परिजनों को हादसे की सूचना दी।