उन्नाव। बारासगवर थाना क्षेत्र में मेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में गुरुवार रात हुई किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर पड़ोस में रहने वाले तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद शनिवार को जेल भेज दिया।
बारासगवर थाना क्षेत्र के पुरौना गांव निवासी किसान शिवशंकर (50) दस बिस्वा जमीन के सहारे परिवार का गुजारा चलाता था। गुरुवार रात लगभग 10 बजे वह मवेशियों से फसल की रखवाली के लिए खेत को निकला था। भोर पहर 3 बजे वह मरणासन्न हालत में पड़ोसी श्रीपाल के घर के पास पड़ा मिला था। मृतक के बेटे अनिल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक माह पहले मेड़ काटने को लेकर उसके पिता शिवशंकर व पड़ोसी श्रीपाल के बीच विवाद हुआ था। श्रीपाल ने पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। बताया कि गुरुवार रात पिता के खेत जाते समय घर से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूरी पर श्रीपाल कुरील ने अपने बेटे सर्वेश, राजन के साथ मिलकर पिता को दबोच लिया और घसीटकर अपने दरवाजेे पर लाकर अन्य परिवार के लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पीटकर मरणासन्न कर दिया। भोर पहर उसकी मौत हो गई।
बेटे अनिल की तहरीर पर पुलिस ने श्रीपाल, उसकी पत्नी मालती, बेटे सर्वेश व राजन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर श्रीपाल को छोड़ अन्य सभी को गिरफ्तार किया था। शनिवार को पकड़े गए सभी आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। एसओ मुकेश वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने अपना गुनाह भी स्वीकार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर किसान को पीटने में प्रयोग किए गए डंडों को भी बरामद किया गया है।