चकलवंशी। ग्राम प्रधान के घर को चोरों ने निशाना बनाया। सीढ़ी लगाकर पहले छत पर फिर जीने के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी 1.50 लाख की नकदी और नौ लाख कीमत के जेवर पार कर दिए।
माखी थानाक्षेत्र के गांव रुपऊ के ग्राम प्रधान संजय रावत, एलआईसी में अभिकर्ता भी हैं। मौजूदा समय में वह बद्रीनाथ के दर्शन करने गए हैं। घर पर पत्नी रागिनी, दो बच्चे और उनकी मां पार्वती थीं। गुरुवार रात मां अलग कमरे में सो रही थीं। जबकि रागिनी बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सोई थीं। पीछे की दीवार में सीढ़ी लगाकर चोर जीने के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए। सबसे पहले जिस कमरे में लोग सो रहे उसमें बाहर से कुंडी लगा दी। बाद में अलमारी और बक्से का ताला साबड़ से तोड़कर उसमें रखे एलआईसी की किस्त के 1.50 लाख रुपये और नौ लाख कीमत के जेवर पार कर दिए।
खटपट की आवाज सुन पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन वह बाहर से बंद था। इस पर वह चीखीं तो चोर सामान उठाकर भागने लगे। रागिनी ने तीन चोरों को भागते देखा है। उनके मुताबिक तीनों चोर केवल कच्छा पहने थे और चेहरे को गमछे से ढक रखा था। रात में पहुंची पुलिस ने जांच की। कुंडी खोलकर सभी को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने बताया कि चोरी का पता चला है। पुलिस गई थी। मामले की जांच चल रही है।