उन्नाव। पूरननगर स्थित एसवीएम इंटर काॅलेज के आस्था सभागार में पत्रकार एवं लेखक नरेंद्र भदौरिया द्वारा लिखित 16वीं पुस्तक ''अनन्य'' का विमोचन विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया। पत्रकारों से वार्ता में कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले का पलटवार दो दिन में देश के सामने होगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति संसार की एक महान विराट संस्कृति है। इसमें परस्पर प्रेम, एकता, शील, करुणा एवं सौहार्द के साथ आपस में रहने की शिक्षा मिलती है। राष्ट्र की एकता और अखंडता के गंभीर स्वर हमारी संस्कृति में विद्यमान है। कहा कि ''राष्ट्र पहले है, हम बाद में'' यह पवित्र भाव देश के प्रत्येक नागरिक के अंतःकरण में विद्यमान होना चाहिए। जीवन में तप और त्याग की भावना प्रत्येक राष्ट्रवासी के मन में होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र पर कुदृष्टि डालने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। आतंकवाद, अलगाववाद को हमारा देश कभी बर्दाश्त नहीं कर सकता। पत्रकारों से बातचीत में विधानसभाध्यक्ष ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की। कहा कि देश के प्रधानमंत्री व गृहमंत्री दृढ़ इच्छाशक्ति वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के खिलाफ कुछ ही घंटे में बड़े निर्णय लिए हैं। पड़ोसी देश ने जो दुसाहस किया है, उसको सबक मिलना शुरू हो गया है। देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी सेना व केंद्रीय नेतृत्व पर भरोसा है।
इससे पहले, न्याय मूर्ति रामकृष्ण गौतम ने कहा कि नरेंद्र भदौरिया की पुस्तकों के शीर्षक अनन्य, अमेय, अज्ञेय और अंतहीन भारतीय मनीषा के उद्घोष शब्द हैं। दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के संस्थापक आशीष गौतम, इतिहास संकलन समिति के राष्ट्रीय महासचिव संजय ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति विश्व की श्रेष्ठतम संस्कृति है। शिक्षक नेता वेणु रंजन भदौरिया, शिवांक रमन भदौरिया, प्रधानाचार्य रामवीर सिंह, स्वामी भास्कर स्वरूप, आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक वीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, प्रवीण मिश्रा भानू, सुरेश पांडे आदि मौजूद रहे।