मौरावां। थानाक्षेत्र के मौरावां-मवई मार्ग पर कल्यानखेड़ा मोड़ के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर नीम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में अपनी ही शादी का कार्ड बहन के घर देकर लौट रहे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की एक जून को शादी होनी थी।
बिहार थानाक्षेत्र के गांव चौकी नरीचक निवासी अशोक कुमार (25) पुत्र रामसहाय शनिवार को बहन रेनू की ससुराल मवई अपनी शादी का कार्ड देने बाइक से गया था। लौटते समय मौरावां-मवई मार्ग पर कल्यानखेड़ा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर एक नीम के पेड़ से टकरा गई। हेलमेट न लगाए होने से सिर में गंभीर चोट लगी, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। अशोक की शादी एक जून को थी। वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। मां कमला देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया था।