पुरवा। दीनाखेड़ा गांव में गुरुवार सुबह छह बजे युवक का शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजन फंदे से उतारकर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया गया। ग्रामीणों में किसी महिला से बातचीत करने और उसके द्वारा ब्लैकमेल किए जाने से परेशान होकर कदम उठाने की चर्चा है। हालांकि पुलिस, जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कह रही है।
कोतवाली क्षेत्र के दीनाखेड़ा गांव निवासी अवनीश कुमार (32) दूध बेचते थे। पत्नी कुसुमा ने बताया कि गुरुवार सुबह वह जल्दी उठ गई थी, इसलिए भैंस का दूध निकालने चली गई। लौटने पर पति को आवाज दी पर वह नहीं बोले। इसके बाद , कमरे में जाकर देखा तो वह साड़ी के फंदे से लटक रहे थे। यह देख वह चीख पड़ी तो परिजन भी आ गए।
तुरंत उसे फंदे से उतारकर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच की तो ग्रामीणों से पता चला कि युवक के गांव की ही किसी महिला से संबंध थे। वह उसे ब्लैकमेल कर रही थी। इससे वह परेशान था। भाई की मौत से छोटा भाई आशीष, पत्नी कुसमा, चाचा सुखदेव बेहाल हैं। एक बेटी आयुषी है। माता-पिता की पहले मौत हो चुकी है।
कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि परिजनों ने लिखित में कुछ भी नहीं दिया है। उड़ती हुई सूचना महिला से बातचीत की मिली है। अगर कुछ मिलता है तो जांच की जाएगी।