हसनगंज। हाजीपुर तरेहा गांव में रोपाई के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे धान की पौध की धुलाई करते समय किसान की नाले में गिरकर मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर तरेहा गांव निवासी प्रेम कुमार (38) पुत्र श्रीपाल के खेत में शुक्रवार सुबह धान की रोपाई होनी थी। खेत के दूसरी ओर नाले में पानी होने से प्रेम उसी में पौध की धुलाई करने चला गया। काफी देर तक न लौटने पर पत्नी चांदतारा देखने पहुंची तो पति को नाले में डूबा पाया। परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने डूबने से मौत की आशंका जताई है। मृतक के एक बेटी मानसी और पांच साल का बेटा चाहत है। वह खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी, फिलहाल डूबने से मौत की संभावना जताई जा रही है।