उन्नाव। कई महीनों से मानदेय न मिलने से नाराज तकनीकी सहायकों ने मंगलवार को जिला विकास अधिकारी का घेराव किया। वहीं, तकनीकी सहायकों ने डीएम को ज्ञापन देकर फतेहपुर चौरासी ब्लाक में कार्यरत साथी की मौत पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
जिले में 83 तकनीकी सहायक हैं। इन तकनीकी सहायकों को पिछले 11 माह से मानदेय नहीं मिला है। तकनीकी सहायक विनय सिंह, संजय, मनोज तिवारी, राजेश बाजपेई, विष्णु कुमार, कृपाशंकर, अखिलेश आदि ने बताया कि दो दिन पहले फतेहपुर 84 में कार्यरत तकनीकी सहायक रवींद्र कुमार मिश्रा न जहर खाकर जान दे दी है। आरोप लगाया कि रवींद्र की पारिवारिक स्थिति दयनीय है।
कई बार मानदेय के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। हारकर उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले तकनीकी सहायकों ने निराला पार्क में बैठक की और फिर कलेक्ट्रेट जाकर डीएम को ज्ञापन दिया।
बाद में ये लोग विकास भवन पहुंचे और जिला विकास अधिकारी का घेराव किया। कहा कि रवीन्द्र कुमार मिश्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को जिलाधिकारी विवेकाधीन कोष से 20 लाख की आर्थिक मदद प्रदान की जाए। ज्ञापन और घेराव करने वालों में अखिलेश श्रीवास्तव, रमेश कुमार, अनूप कुमार, जवाहर मिश्र, ज्ञानेंद्र, अनिल कुमार रवत, चन्द्रसेन पाल समेत अन्य तकनीकी सहायक शामिल रहे।