अभी कक्षा आठ तक की पढ़ाई के लिए तैनात शिक्षक ही दे रहे हैं शिक्षा
13 में उच्चीकृत नौ में पांच में बने एकेडमिक ब्लॉक में हो रही पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। इंटरमीडिएट तक संचालित बा स्कूलों में शिक्षकों को भर्ती करने की तैयारी शुरू हो गई है। मेरिट के आधार पर विषयवार शिक्षकों का चयन होना है, इसके लिए फाइल भी तैयार हो गई है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अभी तक इन छात्रों को कक्षा आठ तक के छात्रों को पढ़ाने के लिए तैनात शिक्षक ही पढ़ाई करा रहे हैं।
जिले में 13 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय स्कूल संचालित हैं। इसमें 1300 छात्राएं पढ़ाई कर रही हैं। साल 2025 में 13 में नौ बा स्कूलों को इंटरमीडिएट तक उच्चीकृत किया गया है। इसमें पुरवा, बांगरमऊ, फतेहपुर चौरासी, सिकंदरपुर सरोसी और मियागंज ब्लॉक के स्कूलों में छात्राओं को पढ़ाने के लिए एकेडमिक ब्लॉक बनाए गए हैं।
यहां पास में सरकारी स्कूल न होने से छात्राओं को इन्ही स्कूलों में शिक्षा दी जा रही है। चार ब्लॉक ऐसे हैं जहां पास में सरकारी स्कूल होने से छात्राओं को पढ़ने के लिए वहां भेजा जा रहा है।
स्थिति यह है कि कक्षा आठ पास करने के बाद कक्षा नौ में पहुंची छात्राओं को पढ़ाने के लिए शिक्षकों की तैनाती नहीं है। इससे पहले वाली शिक्षिकाएं ही उन्हें पढ़ा रही हैं। बीएसए संगीता सिंह ने बताया कि अब इन स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की तैनाती होनी है, इसमें प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही तैनाती होगी, ताकि छात्राओं को बेहतर शिक्षा मिल सके।