उन्नाव। मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण में सदर विधायक ने जिला महिला अस्पताल में नवजात बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर शुभारंभ किया।
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि बच्चों के उज्जवल भविष्य व स्वस्थ जीवन के लिए गर्भवती महिलाओं व बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। स्वस्थ बच्चे परिवार व देश के भावी कर्णधार होते हैं। अपने क्षेत्र में लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
सीएमओ कैप्टन डा. आशुतोष कुमार ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण 6 से 16 जनवरी तक जिले के पांच ब्लॉक अचलगंज, बांगरमऊ, बिछिया, हिलौली, सिकंदरपुर सरोसी के साथ शुक्लागंज व शहर में चलेगा। यहां लक्षित 8138 बच्चें व 1303 गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित किया जाएगा। आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्री अपने क्षेत्र के गांव व मोहल्लों में घर-घर जाकर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें और उनका टीकाकरण कराएं।
प्रतिरक्षित करने वाले बच्चों व गर्भवती महिलाओं में सिकंदरपुर कर्ण में 1315 बच्चे व 213 गर्भवती महिलाएं, बांगरमऊ ब्लाक में 1077 बच्चे व 238 गर्भवती महिलाएं, बिछिया ब्लाक में 1017 बच्चे, 186 गर्भवती महिलाएं, हिलौली में 1765 बच्चे, 392 गर्भवती महिलाएं, सिकंदरपुर सरोसी में 1765 बच्चे, 392 गर्भवती महिलाएं, शुक्लागंज में 518 बच्चे, 50 गर्भवती महिलाएं व शहर में 1134 बच्चे व 95 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। यह अभियान बुधवार एवं शनिवार को छोड़कर अन्य सभी दिनों में चलेगा।
अभियान के सर्वेक्षण के लिए अपर मुख्य अधिकारी डॉ. एके रावत, डॉ. आरके गौतम, डॉ. अर्जुन सिंह सारंग, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह, एसीएमओ डॉ. वीके गुप्ता व डॉ. आरएस मिश्र को लगाया गया है। इस दौरान महिला सीएमएस डॉ. अंजू दुबे, डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचनाधिकारी लालबहादुर यादव, कोल्डचेन मैनेजर नीरज निगम भी मौजूद रहे।