खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त करतीं डीसीए महिला प्रकोष्ठ संयोजक मंजूलता अवस्थी।संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अंडर 25 क्रिकेट लीग के अंतिम मैच में खांडेकर क्रिकेट अकादमी की टीम ने रोमांचक मुकाबले में डीसीए रेड को दो विकेट से हरा कर फाइनल में जगह बनाई। सोमवार को खांडेकर और डीसीए ब्लू के बीच फाइनल मुकाबला होगा।
डीसीए रेड के कप्तान केशव दुबे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 30 ओवर के खेल में चिराग कुशवाहा ने 30 रन, मुकेश 18, आशुतोष 17 व केशव दुबे के 16 रनों की मदद से डीसीए रेड ने 29.1 ओवर्स में सभी विकेट खोकर 129 रन बनाए। खांडेकर क्रिकेट अकादमी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए विमल रावत ने तीन, अमित व मोहित ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खांडेकर क्रिकेट अकादमी ने 27.4 ओवर में आठ विकेट खोकर 130 रन बनाए। जीत हासिल करने में करन के नाबाद 57 रन व विमल रावत के 37 रनों का विशेष योगदान रहा। डीसीए रेड की तरफ से केशव दुबे ने तीन, अमित व आशुतोष ने दो-दो विकेट लिए। मैच में अंपायरिंग राजेश व शिशिर ने की। स्कोरिंग का दायित्व आरके वर्मा ने निभाया। मुख्य अतिथि डीसीए महिला प्रकोष्ठ की संयोजक मंजूलता अवस्थी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान महामंत्री पीके मिश्रा, संयुक्त सचिव राजेंद्रनाथ, अभिनव त्रिपाठी, विनोद कुमार शुक्ला, सत्यम पांडेय उपस्थित रहे।