वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जीत के बाद खुशी जाहिर करती मलिहाबाद टीम। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। आजाद क्लब की ओर से मंगलवार को पुलिस क्लब में आयोजित वॉलीबाल डे-नाइट प्रतियोगिता का फाइनल मैच मलिहाबाद और कानपुर की स्टार क्लब टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मलिहाबाद ने दो प्वाइंट से जीत हासिल कर ट्राफी अपने नाम की। कानपुर के स्टार क्लब को दूसरा स्थान मिला। डीएम व एसपी ने विजयी टीम को पुरस्कृत कर हौसला बढ़ाया।
सेमीफाइनल का पहला मुकाबला मलिहाबाद की टीम और रामलीला क्लब कानपुर के बीच हुआ। मलिहाबाद की टीम ने रामलीला क्लब को हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। कड़े मुकाबले में स्टार क्लब कानपुर ने जीत हासिल कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। देर रात स्टार क्लब कानपुर और मलिहाबाद लखनऊ की टीम के बीच मुकाबला हुआ। मलिहाबाद की टीम ने दो लगातार सेटों में जीत हासिल करके ट्राफी अपने नाम की। खिलाड़ियों को डीएम रविंद्र कुमार और एसपी दिनेश त्रिपाठी ने सम्मानित किया। कहा कि हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं। जो जीत गया उसे आगे और अच्छा करने की जरूरत है और जो हार गया उसे जीतने का प्रयास करना चाहिए। एएसपी शशि शेखर सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ी निकलकर देश-विदेश में नाम रोशन करते हैं।