उन्नाव। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिवसीय 41 वीं जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। 16 ब्लॉक, नगर क्षेत्र के प्राथमिक व जूनियर वर्ग के 1120 छात्रों ने भाग लिया। समूह गान के साथ 100, 200 और 600 मीटर प्रतियोगिता में पहला, दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि प्रतिभागियों को हार व जीत की भावना से ऊपर उठकर खेल की भावना के साथ भाग लेना चाहिए। प्रतियोगिता की शुरुआत 100 मीटर बालिका दौड़ से हुई। बिछिया ब्लॉक की दिव्यांशी प्रथम, हसनगंज की रचना मौर्या द्वितीय व सिकंदरपुर सरोसी की नैन्सी तीसरे स्थान पर रहीं। 200 मीटर प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में फतेहुपर चौरासी के वरुण प्रथम, सिकंदरपुर कर्ण के करन द्वितीय व पुरवा के अंशू तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में हसनगंज की रचना मौर्या प्रथम, बिछिया की सोनम द्वितीय व पुरवा की कामिनी ने तीसरा स्थान पाया। 200 मीटर उच्च प्राथमिक स्तर के बालक वर्ग की दौड़ में हसनगंज के आशीष प्रथम, सिकंदरपुर कर्ण के विनयपाल द्वितीय व पुरवा के राज ने तीसरा स्थान पाया। बालिका वर्ग में पुरवा की प्रिया प्रथम, सिकंदरपुर कर्ण की राधा द्वितीय व हिलौली की खुशी तीसरे स्थान पर रही। 600 मीटर बालिका वर्ग की दौड़ में नवाबगंज की संध्या प्रथम, हिलौली की खुशी द्वितीय व बीघापुर की अंशू ने तीसरा स्थान पाया।
बालक वर्ग में नवाबगंज के शिवा प्रथम, बिछिया के मिथुन द्वितीय व शिवम तीसरे स्थान पर रहे। समूहगान में सुमेरपुर प्रथम, बीघापुर द्वितीय व सिकंदरपुर सरोसी तीसरे स्थान पर रहे। विजयी प्रतिभागियों को सदर विधायक व बीएसए जय सिंह ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्चना सिंह, ज्योति यादव व अनुदेशक विश्वजीत द्विवेदी ने किया। सरस्वती वंदना केजीबीवी की शिक्षिका सावर्णी बाजपेई ने प्रस्तुत की। यहां बीईओ मुख्यालय अजीत निगम, सत्यदेव सिंह, रचना सिंह, विनय त्रिपाठी, कपिल त्रिवेदी, हारुन खान, विवेक तिवारी, बृजेश पांडेय, अनुपम मिश्रा उपस्थित रहे। उधर, मैदान में हुए मार्च पास्ट व दौड़ में बिना जूतों के छात्र शामिल नजर आए। एथेलेटिक्स ट्रैक की सही से सफाई न होने से बिना जूतों के दौड़ रहे छात्रों को परेशानी उठानी पड़ी।
खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल छात्रों को लंच पैकेट की व्यवस्था बीईओ को करानी थी। छात्रों के सापेक्ष लंच पैकेट कम होने से नवाबगंज व हसनगंज क्षेत्र के कई छात्र बिना लंच लौट गए। उन्हें बाद में स्कूल के प्रधान शिक्षकों ने अपने पास से नाश्ता कराया।