चकलवंशी(उन्नाव)। मारपीट में बुजुर्ग किसान की मौत पर पुलिस ने युवक उसके बेटे व दो भाइयों पर गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। दो आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को ही हिरासत में ले लिया था, अन्य की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
माखी थाना क्षेत्र के करीमाबाद निवासी 60 वर्षीय किसान रामेश्वर की साइकिल से मंगलवार को कोटरहिया गांव की महिला को मामूली टक्कर लग गई थी। जिस पर महिला के परिजनों ने रामेश्वर को डंडों से जमकर पीटा। गंभीर हालत में रामेश्वर को परिजन जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। मृतक के बड़े बेटे रामबाबू ने कोटरहिया निवासी मौला उसके बेटे अंशू और दो भाई प्यारेलाल व विष्णु के खिलाफ पीट-पीटकर हत्या की तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
एसओ पवन कुमार सोनकर ने बताया कि हिरासत में लिए गए मौला व प्यारेलाल से पूछताछ की जा रही है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। शीघ्र सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्ध के सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।