अचलगंज थाना क्षेत्र में प्रवासी युवक का शव मिलने व ग्रामीणों के हंगामा करने पर प्रधान प्रतिनिधि ?
- फोटो : UNNAO
बिछिया(उन्नाव)। अचलगंज थाना क्षेत्र में छह दिन से लापता प्रवासी युवक का शव गुरुवार सुबह घर से 200 मीटर की दूरी पर धान के खेत में मिला। सिर, धड़ से अलग होने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने चौकी पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगा शव को छीनकर घर के बाहर रख दिया। हंगामा की सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ एएसपी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चौकी पुलिस पर कार्रवाई व घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन देकर शांत कराया। मृतक के पिता ने जमीन की रंजिश में गांव के 5 लोगों पर हत्या कर शव छिपाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अचलगंज थाना क्षेत्र के तारगांव के मजरा मानधाताखेड़ा निवासी दिनेश लोधी (20) पुत्र कमलेश हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर में एक होटल में वेटर का काम करता था। लॉकडाउन होने से अप्रैल महीने में वह घर लौट आया था। 21 अगस्त की रात 8 बजे वह रहस्यमय हालात में लापता हो गया। तीन दिन तक परिजन उसकी खोजबीन करते रहे। उसका पता न चलने पर पिता कमलेश 24 अगस्त सोमवार को चौकी दरोगाखेड़ा पहुंचा और प्रभारी लोकनाथ गुप्ता को बेटे के लापता होने की जानकारी देकर मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने खुद ढूंढने की बात कह उसे चलता कर दिया। गुरुवार 27 अगस्त की सुबह 7 बजे घर से 200 मीटर दूर गांव के ही होरीलाल व मनीराम के सटे धान के खेत में लापता दिनेश का सड़ा-गला शव मिला। शौच को गए ग्रामीणों ने शव देखकर गांव में जानकारी दी। दिनेश का पिता मौके पर पहुंचा और कपड़ों से बेटे की पहचान कर बिलख पड़ा। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोमानी सिंह की सूचना पर दरोगाखेड़ा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। जब तक एएसपी धवल जायसवाल, सीओ एके राय व एसओ अतुल तिवारी मौके पर पहुंचते चौकी प्रभारी ने पोस्टमार्टम हाउस भेजने के लिए शव को लोडर में रखवा दिया।
आक्रोशित परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की मांग कर शव को जबरन लोडर से उतार लिया और घर के बाहर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। तनाव बढ़ता देख पुरवा और बीघापुर थाने का पुलिस बल मौके पर बुला लिया गया। एएसपी ने चौकी प्रभारी पर कार्रवाई व जल्द घटना के खुलासे का भरोसा दिलाया। फिर भी परिजनों ने शव उठने नहीं दिया। प्रधान प्रतिनिधि सुमानी सिंह के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान लगभग दो घंटे हंगामा चला। मृतक के पिता कमलेश ने जमीन रंजिश में हत्या का शक जता गांव के सत्यनारायण, केशनपाल, गोविंद, रामबाबू व लाला पर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या व शव छिपाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। एएसपी दक्षिणी धवल जायसवाल ने बताया शव सड़ा गला होने से पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। पांच लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार शव सड़ जाने से मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। शव दिनेश का है या नहीं, इसकी पहचान के लिए डीएन सैंपल भी लिया गया है।