यूपी के उन्नाव जिले में मोहल्ला पीडी नगर स्थित एक मैरिज लॉन में बुधवार की रात पुलिस ने छापा मारकर देह व्यापार गिरोह पकड़ा। मौके से एक सभासद के पुत्र व दो युवतियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया।
सदर कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि बुधवार की रात वाहन चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि पीडी नगर स्थित एक मैरिज लॉन में देह व्यापार चल रहा है। इसपर फोर्स के साथ मैरिज लॉन में दबिश दी गई। मौके से दो युवतियां व चार युवकों को अनैतिक कार्य करते हुए पकड़ लिया गया।
युवतियाें में एक लखनऊ व दूसरी प्रतापगढ़ के सदर कोतवाली क्षेत्र की है। अन्य आरोपियों में मोहल्ला पश्चिमखेड़ा निवासी राहुल कश्यप, मोतीनगर निवासी पीयूष चौहान, नवीन मंडी निवासी राजेश मिश्र व सिविल लाइन निवासी गौरव त्रिपाठी हैं।
पकड़े गए आरोपियों में एक सभासद का पुत्र और मैरिज लॉन के मालिक और मैनेजर भी बताए गए हैं। सभी के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, वहां सभी को जेल भेजा गया है।