औरास। तिरगवां दौलतपुर संपर्क मार्ग पर गदियनखेड़ा गांव के पास बच्चों को लेकर जा रही स्कूल बस की स्टेरिंग फेल होने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। लखनऊ के महिलाबाद में हुए इस हादसे में बस में सवार औरास थानाक्षेत्र के रहने वाले 40 बच्चों को चोटे आई हैं। इनमें 7 को ज्यादा चोट आई है। घायलों को एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। जहां से 3 को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
लखनऊ जिले के मलिहाबाद कोतवाली के जिंदौरगढ़ी स्थित कुंवर आसिफ अली इंटर कालेज की बस मंगलवार सुबह 8 बजे औरास थानाक्षेत्र के रामपुर गढ़ौवा, हसनपुर, जवन और बयारी गांव से छात्र छात्राओं को को लेकर विद्यालय जा रही थी। जैसे ही बस चालक रामसिंह मलिहाबाद थानाक्षेत्र के तिरगवां-दौलतपुर संपर्क मार्ग पर गदियनखेड़ा गांव के पास पहुंचा कि बस की स्टेरिंग फेल हो जाने के कारण वह अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पलट गई। हादसे में औरास थानाक्षेत्र के रामपुर गढ़ौवा गांव निवासी पूर्व प्रधान अवधेश रावत के दो बच्चों में बेटी आस्था (16), बेटा आशुतोष रावत (14) व राम कैलाश की बेटी सीमा (16) और शिशुपाल का बेटा निर्भय (12) घायल हो गए। वहीं हसनपुर गांव के धर्मपाल सिंह का बेटा हार्दिक (16), लक्ष्मी (15) और अमित पाल (16) सहित अन्य छात्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे विद्यालय प्रबंधन ने सभी घायलों को रहीमाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से हार्दिक, लक्ष्मी वर्मा और अमित पाल को लखनऊ भेज दिया गया।
बस के अनियंत्रित होते ही बच्चों में चीखपुकार मच गई। सुबह के वक्त खेतों में मौजूद किसान और ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हादसे से सहमे बच्चे बिलखने लगे। ग्रामीणों ने उन्हे ढांढस बंधाकर शांत कराया। पुलिस ने लोगों की मदद से बच्चों को पास के नर्सिगहोम पहुंचाकर इलाजा कराया और बच्चों के घर वालों को सूचना दी। हादसे के बाद स्कूल का स्टाफ भी पहुंच गया।