सम्मान समारोह में संबोधित करते उप्र विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित।
- फोटो : UNNAO
मौरावां। हिलौली ब्लाक में सोमवार शाम क्षेत्र पंचायत प्रमुख दिलीप दीक्षित ने सम्मान समारोह आयोजित किया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने कहा कि अफसरों से समन्व बनाकर प्रधान विकास कार्य कराएं। उन्होंने चौथे पायदान पर कार्यरत सफाईकर्मियों को मंच पर लाकर सम्मान देने को सराहनीय कदम बताया।
अध्यक्ष ने इसे बाल्मीकि रामायण से जोड़कर चित्रकूट में राम भरत मिलाप की विशेषता का वर्णन किया। कहा राम ने भरत को भी बताया था कि जो शासक अपने सहयोगी कर्मचारियों के परिवार की चिंता नहीं करता वह असफल हो जाता है। प्रधानों से कहा कि अधिकारियों व कर्मचारियों से समन्वय स्थापित कर गांवों का विकास करें। यदि ऐसा नहीं करते हैं तो समाज के उत्थान का सपना अधूरा रह जाएगा। उन्होंने जातिवाद से ऊपर उठकर राजनीति करने की सभी को प्रेरणा दी। क्षेत्रीय विधायक अनिल सिंह ने कहा कि पहले की सरकारें जनता के स्वास्थ्य, खाने व रहने की चिंता नहीं करती थी लेकिन वर्तमान में देश की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार इन सबके लिए चिंतित है।
ब्लाक प्रमुख दिलीप दीक्षित ने ब्लाक के क्षेत्र पंचायत के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से लेकर सफाईकर्मियों और क्षेत्र के वरिष्ठ व प्रबुद्धजनों का अंगवस्त्र, प्रतीक चिंह व माल्यार्पण कर सम्मान किया। प्रधान संघ के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, रमेश बाजपेयी, प्रभारी बीडीओ विकास शुक्ला, डीसी मनरेगा राजेश कुमार झा, एसडीएम दयाशंकर पाठक, सीओ विक्रमाजीत सिंह, शिवकंठ त्रिपाठी, त्रिभुवननाथ दीक्षित मौजूद रहे।