गंजमुरादाबाद। फूफा के घर पहुंचे युवक का शव घर के कमरे में मिलने से कोहराम मच गया। पिता ने हत्या कर शव फंदे से लटकाने की आशंका जता पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार फांसी से मौत हुई है।
थाना फतेहपुर चौरासी के ग्राम लउकियावादीपुर निवासी प्रमोद कुमार (21) पुत्र रूपलाल, बांगरमऊ कस्बा के सुभाष इंटर कॉलेज में इंटर का छात्र था। शनिवार को प्रमोद बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महाराजापुर में रहने फूफा अंगने के यहां गया था। उसके साथ ममेरा भाई नगौड़ा निवासी गोविंद पुत्र धनीराम भी था। रात में दोनों ममेरे भाई एक कमरे में सोए थे।
सुबह प्रमोद कुमार का शव कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के फंदे से लटका मिला। अंगने ने उसके पिता रूपलाल को इस घटना की जानकारी दी। परिजनाें ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को सूचना दी। कोतवाल आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, मृतक के सीने में खरोंच का एक निशान भी मिला है।