उन्नाव। शहर के लोग महीनों से नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी की सुस्ती का खामियाजा झेल रहे हैं। पुलिया और सड़क को चौड़ा करने और एक सड़क को नए सिरे से बनाने का काम चल रहा है। लेकिन काम में देरी शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा रही है।
योजना थी कि बारिश से पहले काम खत्म कर लिए जाएंगे, लेकिन ऐसा नही हो सका। हल्की सी बारिश भी लोगों की मुसीबतें और बढ़ा देती है। फिसल भरे रास्तों पर लोग गिरते-पड़ते निकलते हैं। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सुबोध कुमार कहते हैं कि इस मार्ग पर दो पुलियों को चौड़ा करने का काम चल रहा है। एक की स्लैब काम हो चुका है। जबकि कब्बाखेड़ा में बन रही पुलिया के बेस में कंक्रीट काम चल रहा है। निर्माण एजेंसी को तेजी से काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। काम की प्रगति पर भी नजर रखी जा रही है। वहीं सड़क को चौड़ा करने के काम कराया जा रहा है।
नगर पालिका के जेई उत्कर्ष कुमार ने कहा कि लोकनगर मार्ग का काम कराया जा रहा है। यातायात अधिक होने से काम उतनी तेजी से नहीं चल पा रहा है, जितनी तेजी से होना चाहिए। कुछ हिस्से में गिट्टी और बालू डालकर कुटाई का काम कराया जा रहा है। अन्य हिस्से में भी काम को तेजी से पूरा कराया जा रहा है।
पुलिया निर्माण में देरी, दिन भर जाम झेल रही जनता
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर शहर के मोहल्ला कब्बाखेड़ा में सिटी ड्रेन की पुलिया को चौड़ा करने का काम भी काम चल रहा है। आवागमन के लिए मोहल्ला किशोरी खेड़ा के रास्ते से करीब डेढ़ सौ मीटर का डायवर्जन किया गया है। इस संकरे मार्ग से दोनों तरफ के वाहनों का आवागमन होने से दिन भर जाम लगता रहता है। पुलिया बनाने में हो रही देरी रोज औसतन पांच हजार लोगों के लिए मुसीबत बनती है। शुक्रवार को भी दिन में कई बार यातायात घंटों रेंगता रहा। यह हाल तब है जब भारी वाहनों को दोस्तीनगर बाइपास मार्ग से से निकाला जा रहा है। गुरुवार रात हल्की बूंदाबांदी से शुक्रवार सुबह से दोपहर तक लोगों को फिसल भरे रास्ते पर मुश्किलें हुईं। कई बाइक सवार फिसल गए।
दो महीने में चौड़ी नहीं हो पाई डेढ़ किमी सड़क
शहर के छोटा चौराहा को कब्बाखेड़ा तिराहा से जोड़ने वाले डेढ़ किलोमीटर लंबे हरदोई रोड लिंक मार्ग की चौड़ाई 3.5 मीटर से बढ़ाकर सात मीटर की जा रही है। इसपर 4.3 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। 17 अप्रैल को भूमि पूजन के बाद काम शुरू हुआ। शहर के मुख्य मार्ग को छोटा चौराहा से उन्नाव-हरदोई मार्ग में जोड़ने वाले इस मार्ग के बनने से जाम की समस्या से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। कानपुर और शुक्लागंज की ओर से आने वाले वाहन छोटा चौराहा से बड़ा चौराहा, सदर बाजार के बजाए इस मार्ग से सीधे हरदोई रोड या शहर के सिविल लाइंस, कचहरी सहित अन्य क्षेत्रों में आसानी से पहुंच सकेंगे। लेकिन तीन महीने बाद भी काम पूरा होना तो दूर आधा भी नहीं सका है। इससे लोगों को दिक्कत हो रही है।
लोकनगर मार्ग पर एक माह से सौ मीटर तक में पड़ी गिट्टी
नगर पालिका छोटा चौराहा से मोहल्ला लोकनगर तक 425 मीटर सड़क बना रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष ने 18 मई को इसका शिलान्यास करते हुए काम शुरू कराया था। 72 लाख की लागत से बना रहे इंटर लॉकिंग मार्ग पर अभी तक केवल सौ मीटर दोनों तरफ बॉक्सिंग बनाकर गिट्टी और बालू डाली जा सकी है। जबकि करीब दो सौ मीटर दायरे में जलभराव होने से कीचड़ और फिसल लोगों को परेशान किए है। लोगों का कहना है कि ठेकेदार को जितने में काम कराना हो उतने में खोदाई करानी चाहिए थी। लेकिन करीब ढाई सौ मीटर सड़क खोद कर डाल दी और काम केवल सौ मीटर में काम चल रहा है। इस व्यस्त मार्ग पर दिन भर लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ रही है।