सफीपुर। बृजपालपुर गांव निवासी पीड़ित ने दहेज हत्या में नामजद पिता-पुत्री के नाम निकलवाने के नाम पर एक युवक के खिलाफ 4.17 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पिता-पुत्र सहित चार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के बृजपालपुर गांव निवासी रामशंकर ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 16 अप्रैल 2025 को बहू रामकुमारी पत्नी गुड्डु ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। बहू के पिता माखी थानाक्षेत्र के गांव भदेवना निवासी रामनरेश ने मृतका के पति गुड्डू, ननद सीता और उसके (रामशंकर) के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने 18 अप्रैल को गुड्डू को जेल भेज दिया था।
रामशंकर ने पुलिस को बताया कि गांव के रामस्वरूप ने उसका और बेटी का नाम मुकदमे से बाहर कराने की बात कही। उसने इस काम में पांच लाख रुपये खर्च होने की बात बताई। उसने 4.17 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद उसने एक व्यक्ति को हाईकोर्ट का बड़ा अधिवक्ता बताकर मिलवाया।
दावा किया कि दोनों के नाम जल्द ही मुकदमे से बाहर करा दिए जाएंगे। बार-बार रुपये मांगने पर भी नहीं लौटाए और अब जान-माल की धमकी दे रहे हैं। कोतवाल एसएन त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पिता-पुत्र सहित चार के पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दहेज हत्या में शिकायतकर्ता नामित था, उसे जेल भेजा गया है।