उन्नाव। कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को आई रिपोर्ट में 18 नए संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने चालू सप्ताह के अंतिम तीन दिन जिले के सभी थोक व खुदरा बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। डीएम ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार, शनिवार और रविवार को बाजार बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
डीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बातचीत में 10, 11 व 12 जुलाई 2020 को जिले में सभी बाजार (मेडिकल स्टोर एवं नर्सिंगहोम को छोड़कर) बंद रखने पर सहमति बनी है। तीन दिन जिले के शहर से ग्रामीण क्षेत्रों के सभी बाजार व दुकानें बंद रहेंगी। आवश्यक वस्तुओं की दुकानें सुबह 9 बजे
तक ही खुलेंगी। फेरी लगाकर सब्जी और फ ल बेचने वालों को छोड़कर मंडी की स्थाई दुकानें इन तीन दिनों में नहीं खुलेंगी। मेडिकल इमरजेंसी या अस्पताल जाने के लिए किसी भी व्यक्ति को रोका नहीं जाएगा। न्यायालय और कार्यालय जाने वालों के लिए दिए गए जारी पास मान्य होंगे। अधिवक्ताओं के लिए उनके ड्रेस अथवा उनके अधिवक्ता संघ का परिचय पत्र मान्य होगा। जो दुकानें अनाधिकृत रुप से खुली पाई जाएंगी उनके विरुद्ध
नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शनिवार व रविवार को सभी कार्यालयों का भी सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। नर्सिंगहोम, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को सैनिटाइज कराया जाएगा। डीएम ने आम जनता से अपील की है कि वह अपरिहार्य परिस्थितियों में ही घर से बाहर निकलें।
पुरवा। कोतवाली पुलिस ने मास्क न लगाने पर 65 चालान किए। इनसे 65 लोगों से 6500 रुपये का शमनशुल्म वसूला गया। वहीं 7 का ई-चालान करके 3100 रुपये वसूला गया। वहीं नवाबगंज में दो दर्जन लोगों के चालान काट उनसे शुल्क वसूला। नगर पंचायत टीम के शिवा दीक्षित ने बिना मास्क लगाकर घूम रहे 24 लोगों के चालान काट उनसे 2400 रुपये का जुर्माना वसूल किया। कस्बे की दुर्गारोड व सदर बाजार में बिना मास्क घूम रहे लोगों को चेतावनी के साथ मास्क लगाने की अपील की गई।
उन्नाव। जिले में 18 कोरोना संक्रमित में दो को बिछिया व 15 को औरास कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया। संक्रमित पाई गई शहर के अनवार नगर मोहला निवासी वृद्धा की हालत गंभीर होने पर लखनऊ के लोकबंधू एलटू अस्पताल रेफर कर दिया गया। फतेहपुर चौरासी ब्लॉक के गांव लौकिहा की (62) वर्षीय मां की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। वहीं शहर के गदनखेड़ा निवासी 35 वर्षीय युवक, कब्बाखेड़ निवासी 45 वर्षीय युवक व अनवार नगर मोहल्ले की 55 वर्षीय वृद्धा कोरोना संक्रमित मिली है। अनवार नगर निवासी वृद्धा को लखनऊ के लोकबंधु कोविड एलटू अस्पताल रेफर किया गया है।
वर्जन
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि जिले में 18 लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। इसमें ट्रूनेट मशीन से दो और पीजीआई से 15 की रिपोर्ट संक्रमित आई है। इनमें दो को बिछिया व 16 को औरास कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया कराया गया है।
एक नजर
जिले में अब तक 260 पॉजिटिव हो चुके हैं। स्वस्थ होने पर 116 डिस्चार्ज हो चुके हैं। 5 की मौत हो चुकी है। 139 का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमितों में 73 प्रवासी हैं।
फोटो- 16 व 17
13 संपर्कियों को किया गया आइसोलेट
पाटन। कस्ब निवासी एक अधेड़ के बाद उसके परिवार के तीन और सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने हॉटस्पॉट क्षेत्र चिन्हित किया है। साथ ही संपर्क में रहे 13 लोगों को आइसोलेट कराया गया है। एमओआईसी सुमेरपुर डा. विनय तोमर ने बताया कि गांव में सफाई कराने के साथ 20 टीमें लगाकर 593 घरों में रह रहे लोगों की जांच कराई जा रही है। वहीं 500 मीटर एरिया को सील कर दिया गया है। एसडीएम बीघापुर दयाशंकर पाठक ने बताया कि सीएमओ से बात कर कैंप लगवाया जाएगा।
बारात में शामिल हुआ था युवक
बांगरमऊ। ढोलौवा गांव में कोरोना संक्रमित मिले (32) वर्षीय युवक दिल्ली में काम करता था। 28 जून को गांव वापस आया था। दो दिन बाद युवक का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। सोमवार देर रात रिपोर्ट संक्रमित आने के बाद मंगलवार को पत्नी, एक बेटा, दो बेटियों के साथ साल की पोती सहित तीन वर्षीय पौत्र सहित 10 लोगों को आइसोलेट कराया गया है। गांव के तीन रास्तों को सील कर किया गया है।
नौ पुलिस कर्मी हुए क्वारंटीन, आज होंगे सैंपल
सोमवार को चौकी इंचार्ज के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद मंगलवार को उनके संपर्क में रहे नौ पुलिस कर्मियों को क्वारंटीन किया गया। बुधवार को सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा।
संपर्क में रहे पांच आइसोलेट, तीन रास्ते सील
चकलवंशी । सदर तहसील के ब्लाक सरोसी क्षेत्र के रऊकरना में पिता-पुत्री की रिपोर्ट सोमवार रात कोरोना संक्रमित आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिवार क पांच लोगों को आइसोलेट कराया गया है। स्वास्थ्य टीम प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि पांच लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। गांव जाने वाले तीन रास्तों को सील कर दिया गया है।