उरई से बाराबंकी जा रहा मौरंग लदा गहरा पुलिया पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे शनिवार रात दो बजे से लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर भीषण जाम लग गया। रात भर तमाम वाहन जाम में फंसे रहे। सुबह यातायात पुलिस के पहुंचने के बाद करीब नौ बजे लोगों को जाम से निजात मिली। दुर्घटना बीती देर रात करीब दो बजे हुई।
शनिवार देर रात करीब दो बजे बाराबंकी निवासी ट्रक चालक रिजवान अहमद पुत्र शाह मोहम्मद ने बताया कि वह सह चालक मोबीन अहमद के साथ ट्रक में मौरंग लेकर बाराबंकी जा रहा था। रात करीब दो बजे गहरा पुलिया पर अचानकनील गाय को देखकर उसने नियंत्रण खो दिया। जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया पर पलट गया। इस दौरान ट्रक चालक व सह चालक ने कूद कर अपनी जान बचाई। घटना में ट्रक में लदी मौरंग सड़क पर फैल जाने से यातायात अवरुद्ध हो गया। जिससे हाइवे पर वाहनों की कतारें लगना शुरू हो गईं। इस बीच वाहन सवार में मची पहले निकलने के होड़ के चलते भीषण जाम लग गया। पुलिया से लेकर लगभग एक किलोमीटर तक ट्रकों, बसों व चौपहिया वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को हटवाया तब कहीं जाकर सुबह नौ बजे यातायात सामान्य हो सका। वहीं जाम के कारण राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। उधर, पलटे ट्रक से पुलिया का एक हिस्सा पुलिया की रेलिंग से टकरा गया। जिससे पुलिया की दीवार दरक गई। यह दीवार कभी भी गिर सकती है। वहीं घटना में ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया।